14 मई 2020 - 11:13
कोरोना के आगे डब्लयूएचओ ने भी हथियार डाल दिए, यह पता नहीं कि कोरोना महामारी कब ख़त्म होगी

विश्व स्वास्थ्य संगठन डब्ल्यूएचओ का कहना है कि यह पता नहीं है कि करोना वायरस का अंत कब होगा।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के आपात परिस्थिति संबंधी मामलों के प्रमुख ने कहा है कि यह अनुमान लगाना असंभव है कि वैश्विक महामारी कोरोना पर कब तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।

डॉ. माइकल रेयान ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संभवत: यह वायरस कभी न ख़त्म हो।  उन्होंने कहा कि कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या अभी तक कम है। उन्होंने कहा कि टीके के अभाव में लोगों के भीतर इस विषाणु के ख़िलाफ प्रतिरक्षा तंत्र मज़बूत होने में वर्षों लग सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह हमारे समुदायों में एक अन्य महामारी विषाणु बन सकता है। उन्होंने कहा कि पहले आई अन्य बीमारियां जैसे कि एचआईवी कभी ख़त्म नहीं हुई बल्कि उसका इलाज खोजा गया ताकि लोग इस बीमारी के साथ जी सकें।

डाक्टर रेयान ने कहा कि ऐसी उम्मीद है कि इसका एक प्रभावी टीका आएगा लेकिन तब भी इसे बड़ी मात्रा में बनाने और दुनियाभर के लोगों तक पहुंचाने के लिए बहुत काम करने की आवश्यकता होगी।